शादी समारोह से लौट रही बीएमडब्लू ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर….चार युवक गंभीर घायल….नाबालिग चालक निकला आरोपी…. पिता पर भी दर्ज हुआ अपराध…..

बिलासपुर–शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर नाबालिगों को वाहन सौंपने की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास बीती रात लगभग 12:15 बजे एक तेज रफ्तार बीएमडब्लू कार ने दो बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुल चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीएमडब्लू कार अत्यधिक तेज गति से चल रही थी। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे जा रहे दो बाइक सवार युवकों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों ने संभाली स्थिति…..

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
नाबालिग चला रहा था लग्जरी BMW
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि BMW कार को एक नाबालिग युवक चला रहा था, जो शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था। कार उसके पिता प्रकाश भगवानी के नाम पर पंजीकृत है। नाबालिग द्वारा इतनी महंगी और तेज रफ्तार कार चलाना अपने आप में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
नाबालिग और पिता पर दर्ज हुआ अपराध.……
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नाबालिग चालक द्वारा गंभीर लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने नाबालिग चालक के साथ-साथ उसके पिता प्रकाश भगवानी के खिलाफ भी अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस ने BNS की धारा 110, 125, 281 सहित हत्या के प्रयास और सड़क दुर्घटना से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
बीएमडब्लू कार जब्त, जांच जारी….
पुलिस ने घटना में शामिल BMW कार को जब्त कर लिया है। साथ ही नाबालिग को वाहन सौंपने में पिता की भूमिका, लापरवाही और कानून उल्लंघन की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।
फिर उठे सवाल…..
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर कैसे नाबालिगों के हाथों में तेज रफ्तार लग्जरी वाहन सौंप दिए जाते हैं। लापरवाही का खामियाजा निर्दोष लोगों को अपनी जान और स्वास्थ्य से चुकाना पड़ रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नाबालिगों को वाहन न सौंपें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button