अभिषेक विहार फेस टू में सोने चांदी नगदी सहित लाखों की चोरी…..मौके पर डॉग स्क्वायड फॉरेंसिक व सिविल लाइन पुलिस……

बिलासपुर- मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस-2 कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 2 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां रिटायर्ड आर्मी अधिकारी शैलेश मिश्रा के घर चोरी हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेश मिश्रा किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए घर का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी समेत करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी।
सुबह आसपास के लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। घर के भीतर बिखरे सामान और टूटी अलमारी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी देर तक घर में तलाश की और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
स्थानीय रहवासियों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button