30 साल का इंतजार खत्म…… बेलतरा में 14.56 करोड़ की सड़कों का शिलापूजन…… ग्रामीणों में जश्न का माहौल….

बिलासपुर/बेलतरा/ बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 30 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत हो गई है। वर्षों से खराब और कच्ची सड़कों की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह एक बड़ी राहत भरी खबर है।
क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर पहले ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार तक की चेतावनी दी थी, लेकिन अब विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर विकास की नई राह खुलती नजर आ रही है।
विधायक द्वारा विभिन्न गांवों में कुल 14 करोड़ 56 लाख 34 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत शिलापूजन किया गया। इन सड़कों के बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।


प्रमुख सड़क निर्माण कार्य…..
भरदैयाडीह–कलमीटार (3.00 किमी) – 289 लाख रुपये
गोदईया–कलमीटार (2.45 किमी) – 278.46 लाख रुपये
भदरापारा–बरभांठा (2.70 किमी) – 274.87 लाख रुपये
करमा–बरभांठा–सरगाढोड़ी (4.20 किमी) – 478.86 लाख रुपये
ग्राम लगरा (सीसी रोड व नाली निर्माण) – 50 लाख + 13 लाख
चुनावी वादा अब हुआ पूरा…..

विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि चुनाव के दौरान ग्रामीणों की सबसे बड़ी मांग सड़क निर्माण थी। उन्होंने वादा किया था कि जीतने के बाद प्राथमिकता से सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
इन सड़कों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

ग्रामीणों में उत्सव जैसा माहौल…..
सड़क निर्माण की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। बिटकुली, बरभाटा, सरगाढोड़ी, करमा और लगरा सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक करमा नृत्य के साथ विधायक का स्वागत किया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह दिन उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। वर्षों से बारिश के समय कीचड़ और खराब रास्तों से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
बिटकुली गांव के सरपंच शिव कुमार यादव ने कहा कि सड़कों के बनने से विशेषकर बारिश के मौसम में हालात काफी बेहतर होंगे और आवागमन आसान होगा।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद…..
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, जनपद सदस्य, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button