बिलासपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं की गोष्ठी…… RSS विभाग प्रचारक ने राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका बताई…..

 

बिलासपुर/  शहर के भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित गोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विभाग प्रचारक गणेशराम साहू ने संगठन की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में भाजपा जिला बिलासपुर शहर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए गणेशराम साहू ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक वैचारिक और राष्ट्र निर्माण करने वाला संगठन है, जहां शाखाओं में देशभक्ति गीतों के माध्यम से स्वयंसेवकों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित की जाती है। उन्होंने कहा कि संघ स्वयंसेवकों को समाज को जोड़ने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रशिक्षण देता है, जिससे वे आगे चलकर कुशल संगठनकर्ता बनते हैं।


उन्होंने बताया कि 15-20 वर्षों की लंबी साधना और प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ताओं को विभिन्न संगठनों की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। संघ से जुड़े सभी संगठनों का मूल उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है, जिसमें लाखों कार्यकर्ता सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम में संघ के सात प्रमुख कार्यक्रमों—शक्ति केंद्र, गृह संपर्क, हिन्दू सम्मेलन, सामाजिक सम्मान, बैठक, युवा सम्मेलन और शाखा विस्तार—पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही आगामी अक्टूबर माह में ‘पंच परिवर्तन’ के तहत नागरिक कर्तव्य बोध, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और स्वाभिमान जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष संतोष कौशिक ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा के विभिन्न मोर्चा और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button