कांग्रेस की 41 जिलाध्यक्षों की सूची जारी….. बिलासपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी महेंद्र गंगोत्री के हाथों….. शहर की कमान सुधांशु मिश्रा को….

बिलासपुर–अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 41 जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है। इस सूची में बिलासपुर जिले में बड़ा बदलाव करते हुए शहर और ग्रामीण – दोनों स्तरों पर नए नेतृत्व को मौका दिया गया है।

शहर में नई ऊर्जा का सूत्रपात—सुधांशु मिश्रा बने शहर अध्यक्ष

शहर कांग्रेस का नेतृत्व अब सुधांशु मिश्रा करेंगे। जमीनी पकड़ और सक्रियता के लिए पहचाने जाने वाले मिश्रा के चयन को शहर संगठन में नई ऊर्जा भरने वाली नियुक्ति माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मिश्रा बूथ स्तर तक संगठन में मजबूती लाने और व्यापक रणनीति बनाने पर फोकस करेंगे।

गांवों की बागडोर गंगोत्री के पास—ग्रामीण कांग्रेस में रणनीतिक बदलाव

दूसरी ओर ग्रामीण कांग्रेस की कमान महेंद्र गंगोत्री को दी गई है। शांत स्वभाव और मजबूत संगठन क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले गंगोत्री को जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने संकेत दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। गांव-गांव तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति अब गंगोत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी।

सर्वे, चर्चा और मंथन के बाद बनी सूची

AICC द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों ने जिलों में विस्तृत फीडबैक जुटाया था। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत के आधार पर तैयार की गई रिपोर्टों पर शीर्ष नेतृत्व ने विचार-विमर्श कर सूची को अंतिम रूप दिया। यह पूरी प्रक्रिया संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य कांग्रेस को जमीनी स्तर पर पुनः सक्रिय करना है।

राजनीतिक संकेत स्पष्ट—युवाओं और संगठन क्षमता को तरजीह

कांग्रेस ने नई जिलाध्यक्ष सूची जारी कर यह संदेश दिया है कि वह संगठन को युवा और सक्रिय नेतृत्व के हाथों सौंपने की दिशा में आगे बढ़ रही है। बिलासपुर में मिश्रा और गंगोत्री को जिम्मेदारी देकर पार्टी ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को नया रूप देने का संकेत दिया है।

बधाई और आतिशबाजी…..

कांग्रेस कमेटी की सूची जारी होने के बाद ग्रामीण जिला अध्यक्ष के पद में महेंद्र गंगोत्री का नाम फाइनल होते ही उनके दयालबंद स्थित घर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा और फूल मालाओं के साथ बधाईयों का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात चलता रहा।इसी बीच इनके निवास के बाहर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की।

Related Articles

Back to top button