अपनी मांगों को लेकर अरपा नदी में जल सत्याग्रह कर सिम्स के कर्मचारियों का प्रदर्शन

बिलासपुर-अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए सिम्स के कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है। हड़ताल के तीसरे दिन कर्मचारियों ने अरपा नदी में जल सत्याग्रह कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अरपा नदी में बैठकर सिम्स प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

दरअसल, सिम्स में कार्यरत तृतीय व चतुर्थ वर्ग के 316 कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। वार्षिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद हड़ताल किया है। इस दौरान हड़ताली कर्मचारी प्रतिदिन अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन कर अपनी मांगों को प्रबंधन व सरकार के सामने रख रहे हैं। पहले दिन जहां सामूहिक धरना प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने अपने अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत की।

वही दूसरे दिन मुंडन कराने के बाद आज बुधवार को जल सत्याग्रह कर कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हड़ताली कर्मचारी अरपा नदी में सत्याग्रह में बैठे हैं। उनका कहना है कि, वर्ष 2013 -14 से नियमित कर्मचारियों के तौर पर उनकी भर्ती हुई है। लेकिन उसके बाद से अब तक उन्हें वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि, सभी कर्मचारियों ने परिवीक्षा अवधि भी पूरी कर ली है। लेकिन उसके बावजूद उन्हें वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ ना देकर उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। इधर एक साथ 316 कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से सिम्स की चिकित्सीय व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। रूटीन ओटी को बंद करना पड़ गया है। अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाएं भी बाधित हो रही हैं।

Related Articles

Back to top button