खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य समापन……. जनजातीय प्रतिभाओं को मिला राष्ट्रीय मंच……

बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का समापन भव्य समारोह के साथ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं के लिए ऐतिहासिक और यादगार मंच साबित हुआ है, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 10 दिनों में छत्तीसगढ़ की धरती पर खेल प्रतिभाओं का जो उत्साह और ऊर्जा देखने को मिला, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में राज्य को इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का गौरव मिला है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स अब प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जाएंगे।


जनजातीय खेल संस्कृति को मिला नया मंच
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज और खेल का रिश्ता सदियों पुराना रहा है। तीरंदाजी, कुश्ती और दौड़ जैसे खेल जनजातीय जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश की एकता, संस्कृति और प्रतिभा का महाकुंभ बनकर उभरा है।
देशभर के 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए खिलाड़ियों ने इस आयोजन में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साबित हुआ है कि प्रतिभा केवल महानगरों तक सीमित नहीं, बल्कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं।


छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन…….
समारोह में मुख्यमंत्री ने पदक विजेता राज्यों को बधाई दी—
कर्नाटक – प्रथम स्थान
ओडिशा – द्वितीय स्थान
झारखंड – तृतीय स्थान
छत्तीसगढ़ ने कुल 19 पदक (3 स्वर्ण, 10 रजत, 6 कांस्य) जीतकर सराहनीय प्रदर्शन किया।
स्विमिंग में अनुष्का भगत ने 4 रजत पदक जीते
एथलेटिक्स में सिद्धार्थ नागेश ने स्वर्ण व रजत पदक हासिल किए
वेटलिफ्टिंग में निकिता ने स्वर्ण पदक जीता
बालिका फुटबॉल टीम ने स्वर्ण और बालक हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता..


खिलाड़ियों के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा
मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार की घोषणा की—
व्यक्तिगत स्पर्धा:
स्वर्ण – ₹2 लाख
रजत – ₹1.5 लाख
कांस्य – ₹1 लाख
दलीय स्पर्धा:
स्वर्ण – ₹1 लाख
रजत – ₹75 हजार
कांस्य – ₹50 हजार
उपमुख्यमंत्री ने बताया “नए अवसरों का द्वार”
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह जनजातीय खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अन्य सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की।
दिग्गज खिलाड़ियों की रही मौजूदगी


समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एम.सी. मैरी कॉम और प्रसिद्ध फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ गया।
2000 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि इस आयोजन में देशभर से 2000 से अधिक जनजातीय खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने इसे राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों को भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में सहायक होगा।

Related Articles

Back to top button