बिलासपुर में साईं बाबा की मूल चरण पादुका का भव्य स्वागत…… शहरभर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब…..
बिलासपुर में साईं बाबा की मूल चरण पादुका का भव्य स्वागत...... शहरभर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब.....

बिलासपुर/शिरडी वाले साईं बाबा की मूल चरण पादुका के बिलासपुर आगमन पर शहर श्रद्धा और भक्ति में डूब गया। साईं भक्तों ने शहर की सीमा लाल खदान से उस्लापुर तक भव्य स्वागत किया। इस दौरान तोरवा, भगत सिंह चौक, दयालबंद, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, सिटी कोतवाली चौक, गोलबाजार, सदर बाजार, करोना चौक, पं. देवकीनंदन दीक्षित चौक, तिलक नगर, मुंगेली नाका और मंगला चौक सहित विभिन्न स्थानों पर आतिशबाज़ी और फूलों की वर्षा कर पादुका का अभिनंदन किया गया।
शोभायात्रा और दर्शन का आयोजन…..

पं. सुदेश दुबे ने बताया कि अलका एवेन्यू कॉलोनी, उस्लापुर में सुबह 9 बजे साईं बाबा की मूल चरण पादुका की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया।
दिनभर बिलासपुर सहित रायपुर, अभनपुर, कांकेर, दुर्ग, राजनांदगांव, सक्ती और कोरबा से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते रहे। आयोजन स्थल पर लगातार प्रसाद वितरण किया गया।

भक्ति और आरती का माहौल….
कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने श्री साईं सच्चरित्र का क्रमवार पाठ किया। इसके साथ ही साईं बाबा की मध्यान आरती, साईं लक्षार्चना आरती और धूप आरती श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु….
सायं काल आयोजित साईं संध्या में पद्मश्री मदन चौहान एवं बिलासपुर के सुप्रसिद्ध गायक पं. अंचल शर्मा और ज्योति शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। इस अवसर पर पद्मश्री मदन चौहान का सम्मान भी किया गया।
अतिथियों का सम्मान….
शिरडी से पधारे साईं बाबा की मूल चरण पादुका के साथ आए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
इस पूरे आयोजन को आयोजन समिति के दिलीप पात्रीकर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
मुख्य रूप से नीरज मेहता, राजकुमार शुक्ल, शिवा मिश्र, अरविंद बोलर, वीरेन्द्र चौधरी, सुदेश दुबे ‘साथी’, संतोष गुप्ते, हर्ष मिश्र, पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह, पार्षद महेश चंद्रिका पुरे (बबलू मदने), रतीश श्रीवास्तव सहित अनेक श्रद्धालुओं ने व्यवस्था में योगदान दिया।




