महिला थाना के पास पति ने पत्नी पर किया ब्लेड से हमला…. आरोपी गिरफ्तार…..
महिला थाना से चंद कदमों की दूरी पर एक पति ने अपनी ही पत्नी पर नुकीली वस्तु (ब्लेड) से कर दिया हमला.... जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई....

बिलासपुर / सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महिला थाना से चंद कदमों की दूरी पर एक पति ने अपनी ही पत्नी पर नुकीली वस्तु (ब्लेड) से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मुंगेली निवासी कामिनी कोशले इन दिनों कुदुदण्ड क्षेत्र में अपनी बहन के घर रह रही थी। पति की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह महिला परामर्श केंद्र पहुंची थी। इसी दौरान उसका पति राकेश कोशले वहां आ पहुंचा।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी पति ने गुस्से में आकर पत्नी के गले पर ब्लेड से कई वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंची महिला की बहन को भी आरोपी ने धमकाया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और महिला थाना की टीम सक्रिय हुई और तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।



