मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणी के जवाब में बृजमोहन अग्रवाल का पलटवार….. टीएस सिंहदेव पर बृजमोहन अग्रवाल का तंज, बोले–न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी…..

बिलासपुर– रायपुर सांसद बृज मोहन अग्रवाल ने हाल ही में छत्तीसगढ़ की राजनीति और बिहार चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस और टीएस सिंह देव के मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर तंज कसा। सांसद ने कहा, “न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी”, जिसका अर्थ है कि न तो कांग्रेस की सरकार बनने वाली है और न ही टीएस सिंह देव मुख्यमंत्री बन पाएंगे। उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि जब टीएस सिंह देव के पास मौका था, तब वे “नौ दो ग्यारह” हो गए, यानी उस समय उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया।

इससे पहले, एमपी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पर किए गए टिप्पणी के जवाब में बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री के बारे में इस तरह की टिप्पणियाँ करना अपमानजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा को छत्तीसगढ़ में बहुमत मिला है और वर्तमान मुख्यमंत्री भाजपा के हैं।

सांसद ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री कैसे चुने जाते हैं, यह समझना कठिन है। ढाई-ढाई साल के अंदर किसी का नाम तय होता है और फिर लोग जाकर नाम बदलवा देते हैं। इसके विपरीत, भाजपा में स्पष्ट नेतृत्व है – केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा। उन्होंने कांग्रेस की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस में सोनिया कांग्रेस, राहुल कांग्रेस, प्रियंका कांग्रेस और खड़गे कांग्रेस चलता है,वहीं चुटकी लेते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अभी कांग्रेस पार्टी के द्वारा संगठन सृजन के नाम पर कार्यक्रम जो चला रहे है वह कांग्रेस का विध्वंश है।

बृजमोहन अग्रवाल ने बिहार चुनावों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितना भी हल्ला करे, बिहार में उनकी स्थिति साफ होने वाली है। उन्होंने माना कि नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार बनना तय है।

सांसद ने छत्तीसगढ़ की राजनीतिक स्थिरता पर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितना भी हल्ला करे, छत्तीसगढ़ में विष्णु देव की सरकार अपने तीन साल पूरे करेगी। उन्होंने बताया कि अभी चुनाव में तीन साल बाकी हैं और वर्तमान केंद्र की मोदी सरकार को अभी केवल एक साल हुआ है, जो आगे चार साल तक चलेगी।

Related Articles

Back to top button