
बिलासपुर में बढ़ी आगजनी की घटनाएं, कलेक्टर ने शॉर्ट सर्किट और ओवरलोड को बताया मुख्य कारण…..
बिलासपुर–जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ आगजनी की घटनाओं में भी तेजी देखी जा रही है। शहर के रिहायशी इलाकों से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और गोदामों तक आग लगने के मामले सामने आ रहे हैं। कई घटनाओं में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच फायर सेफ्टी को लेकर बिलासपुर कलेक्टर ने मीडिया से चर्चा करते हुए अहम बयान दिया है। कलेक्टर ने कहा कि अधिकांश आगजनी की घटनाओं के पीछे शॉर्ट सर्किट और बिजली लाइनों का ओवरलोड होना प्रमुख कारण बनकर सामने आया है।
गर्मी में बढ़ा बिजली उपकरणों का उपयोग…..
कलेक्टर ने बताया कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, वैसे-वैसे एसी, कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग भी बढ़ जाता है। इससे घरों और दुकानों की वायरिंग पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। पुराने और कमजोर तार अधिक लोड सहन नहीं कर पाते, जिससे वे गर्म होकर आग पकड़ लेते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि कई जगहों पर बिना मानक के बिजली कनेक्शन और अस्थायी वायरिंग भी हादसों को बढ़ावा दे रही है।
लापरवाही भी बन रही बड़ी वजह…..
प्रशासन के अनुसार, कई मामलों में समय पर वायरिंग की जांच न कराना, ओवरलोड मल्टीप्लग का इस्तेमाल करना और खराब उपकरणों को उपयोग में लेना भी आगजनी का कारण बन रहा है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की अनुपलब्धता या उनकी नियमित जांच न होना भी चिंता का विषय है।
प्रशासन की अपील….
कलेक्टर ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि घर और दुकानों की विद्युत वायरिंग की समय-समय पर जांच कराएं।ओवरलोडिंग से बचें और मानक के अनुरूप एमसीबी व सर्किट ब्रेकर का उपयोग करें।आग बुझाने के प्राथमिक उपकरण जैसे फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखें।शॉर्ट सर्किट की आशंका होने पर तुरंत बिजली आपूर्ति बंद करें और संबंधित विभाग को सूचित करें
उन्होंने संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाए और नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सतर्कता ही बचाव….
गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से सजग रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि संभावित आगजनी की घटनाओं को रोका जा सके।




