
मुखबिर की सूचना पर कबाड़ दुकान सील…..दो क्विंटल संदिग्ध लोहा जप्त….. सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई…..
बिलासपुर-थाना सिरगिट्टी पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चुचुहियापारा गणेश नगर स्थित एक कबाड़ दुकान को सील कर दिया है। यह कार्रवाई दिनांक 04 फरवरी 2026 को मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर की गई।पुलिस को सूचना मिली थी कि गणेश नगर चुचुहियापारा क्षेत्र में संचालित एक कबाड़ दुकान में संदिग्ध व अवैध रूप से लोहा सामग्री का भंडारण और खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना सिरगिट्टी पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।दबिश के दौरान दुकान में लोहा छड़, सरिया, टीन आदि कबाड़ सामग्री पाई गई, जिसका कुल वजन लगभग 2 क्विंटल बताया गया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब ₹5000 आंकी गई है। कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत सामग्री को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने उक्त कबाड़ दुकान को सील कर दिया है।कबाड़ दुकान का संचालन करने वाला व्यक्ति सैयद नावेद परवेज, पिता अजहरुद्दीन, उम्र 42 वर्ष, निवासी गणेश नगर चुचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर बताया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में बढ़ते अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है।

चोरी की घटनाओं में कबाड़ की भूमिका को देखते हुए ऐसे ठिकानों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। आगे की जांच जारी है और यदि किसी प्रकार की चोरी या अन्य आपराधिक गतिविधि से कबाड़ का संबंध पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।थाना सिरगिट्टी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



