बिलासपुर प्रेस क्लब के पुनर्निर्माण का विधायक शुक्ला ने किया निरीक्षण…… निर्माण कार्यों का लिया जायजा…..अध्यक्ष अजीत मिश्रा के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहे कार्य…..

बिलासपुर। शहर के प्रतिष्ठित बिलासपुर प्रेस क्लब के पुनर्निर्माण कार्यों का सोमवार दोपहर बेलतरा विधायक शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया तथा प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा से अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान विधायक शुक्ला ने करीब आधे घंटे तक भवन के विभिन्न हिस्सों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि प्रेस क्लब शहर के पत्रकारों का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, और इसका सुदृढ़ एवं आधुनिक स्वरूप में विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने साज-सज्जा और संरचना को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, ताकि यह परिसर भविष्य में पत्रकारों के लिए और अधिक सुविधाजनक एवं आकर्षक बन सके।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्य तेजी से अंतिम चरण में है और संभावना है कि इसी सप्ताह के भीतर भवन पूर्ण रूप से तैयार हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति भी रही। इनमें प्रमुख रूप से पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, दिलीप अग्रवाल, रवि शुक्ला, संतोष साहू, ओम अवस्थी, विकल्प तलवार और प्रवीण सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पुनर्निर्माण कार्यों को शीघ्र और बेहतर ढंग से पूर्ण करने की प्रतिबद्धता जताई।




