
14,000 से अधिक स्ट्रीट लाइटें बंद…..नया टेंडर जारी….. ईईएसएल का अनुबंध समाप्त….अब नगर निगम के कंधों पर स्ट्रीट लाइटों की जिम्मेदारी……
बिलासपुर –शहर में स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति ने नागरिकों को अंधेरे में जीने पर मजबूर कर दिया है। नगर निगम के अनुसार, शहर में कुल 34,330 स्ट्रीट लाइटें हैं, जिनमें से 14,000 से अधिक वर्तमान में खराब हैं। इस समस्या के समाधान के लिए निगम ने पहले ₹5.5 करोड़ का टेंडर जारी किया था, जिसे तकनीकी खामियों और वित्तीय नुकसान के कारण रद्द कर दिया गया। अब, ₹5.48 करोड़ का नया टेंडर जारी किया गया है, जिसमें 14,500 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और 750 नए खंभों की स्थापना का प्रावधान है। इस टेंडर की अंतिम तिथि 1 मई 2025 थी। पूर्व में, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) द्वारा किया जाता था।लेकिन अब उनका अनुबंध समाप्त हो चुका है। इसलिए, मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी पूरी तरह से नगर निगम पर आ गई है, जिसने अपने बिजली विभाग के 15 कर्मचारियों को इस कार्य में नियुक्त किया है।इससे पहले, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने शहर में बंद पड़ी सैकड़ों स्ट्रीट लाइटों पर संज्ञान लिया था.जिसके बाद नगर निगम और EESL की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर 2,000 से अधिक लाइटों को ठीक किया था। लेकिन अब टेंडर समाप्त हो गया है। जिसके कारण शहर की स्ट्रीक लाइट बंद पड़ी है। महापौर पूजा विधानी का कहना है कि स्ट्रीट लाइट की समय सीमा होती है जो पूरी हो गई जिसके कारण वह बंद हो गई।जिसके लिए निगम द्वारा नया टेंडर जारी किया गया था उसे निगम द्वारा पास कर दिया गया।इसके लिए बहुत जल्द शहर में लाइट लगाई जाएगी।इसकी सारी प्रक्रिया कर ली गई है।