नगर निगम की सख्ती: जवाली नाला रोड पर अवैध निर्माण ध्वस्त, मचा हड़कंप….

बिलासपुर–शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान तेज़ हो गया है। शुक्रवार को जवाली नाला रोड पर कार्रवाई करते हुए निगम ने नाले की जमीन पर बने कई अवैध दुकानों और गोदामों को तोड़ दिया। ये निर्माण बिना किसी अनुमति के किए गए थे और सार्वजनिक भूमि पर कब्जे के अंतर्गत आते थे।

नगर निगम ने कुछ दिन पूर्व सीमांकन कर इन अतिक्रमणों की पहचान की थी और जिम्मेदारों को नोटिस जारी कर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होते ही निगम ने मौके पर बुलडोजर भेज कार्रवाई शुरू कर दी।

शाखा अधिकारी सुरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है और जिन दुकानों ने तय सीमा का उल्लंघन किया था, उन्हें भी हटाया गया है।अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से स्थानीय व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और हालात पर नजर बनाए रहे।

अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, नाले पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों पर कठोर कार्रवाई करता रहेगा। नगर निगम की इस कार्रवाई को शहरवासियों ने मिलाजुला प्रतिक्रिया दी है, कुछ ने इसे ज़रूरी कदम बताया तो कुछ व्यापारियों ने नाराज़गी जताई।

Related Articles

Back to top button