एनएसयूआई का घेराव…..सेंट्रल यूनिवर्सिटी में उबाल….कुलपति पर तानाशाही और भ्रष्टाचार के आरोप……

बिलासपुर– एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर प्रबंधन और कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव करने लगे। एनएसयूआई का आरोप है कि परीक्षा परिणामों में पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। छात्रों को न्याय दिलाने की बजाय प्रशासन मनमानी कर रहा है।

कार्यकर्ताओं ने कुलपति पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन लगातार यूजीसी के नियमों की अनदेखी कर रहा है। एनएसयूआई नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुलपति भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल व्यक्तिगत हित साध रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्रों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि पारदर्शी व्यवस्था लागू किए बिना शिक्षा के स्तर में सुधार संभव नहीं है। एनएसयूआई ने कुलपति को तत्काल हटाने और जांच की मांग भी की है।

प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल रहा। प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।

Related Articles

Back to top button