
करंट की चपेट में आकर रिटायर्ड प्रोफेसर की दर्दनाक मौत….
बिलासपुर–शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर में एक दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय रिटायर्ड प्रोफेसर की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, स्वर्ण जयंती नगर में रहने वाले प्रोफेसर आलोक दीक्षित अपने घर में पानी भर जाने की स्थिति में मोटर पंप ऑन करने बाहर निकले थे। इसी दौरान घर में फैले पानी में करंट प्रवाहित हो चुका था, जिससे वे उसकी चपेट में आ गए।
घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रो. दीक्षित साइंस कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे और शिक्षा जगत में उनका विशेष योगदान रहा है। उनके निधन की खबर से आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि बिजली के तारों में लीकेज के कारण पानी में करंट फैला था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर दुख जताते हुए बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।