पान मसाला फैक्ट्री बना खतरे की घंटी…सांसों में ज़हर, सिरगिट्टी में कहर…..नवनिर्वाचित पार्षद सहित स्थानीयों की चेतावनी,कार्रवाई नहीं तो आंदोलन तय……

बिलासपुर–जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक परिक्षेत्र में स्थित राजश्री पान मसाला फैक्ट्री एक बार फिर विवादों में घिर गई है। स्थानीय नागरिकों ने फैक्ट्री संचालन में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रशासन से इसे बंद करने की मांग की है।

फैक्ट्री प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों में अवैध श्रमिक भर्ती, औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी, और पर्यावरण नियमों का उल्लंघन प्रमुख हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बाहरी राज्यों से लाए गए श्रमिकों को बिना किसी पुलिस सत्यापन के नियुक्त किया गया है, जिससे फैक्ट्री परिसर में आपराधिक गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है।

विजय सिंह मरावी और दिनेश कौशिक जैसे स्थानीय नागरिकों ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं और अपशिष्ट जल न सिर्फ हवा और पानी को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि आस-पास के निवासियों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रहा है।

साथ ही, नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने में उपेक्षा कर रहा है। इससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप नहीं करता, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। नागरिकों की मांग है कि फैक्ट्री में जारी अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि पर्यावरण और जनसुरक्षा की रक्षा की जा सके।

Related Articles

Back to top button