
पुलिस ने ठगी के जाल का किया पर्दाफाश…..आरोपी दस्तावेज लेखक गिरफ्तार…..
बिलासपुर– पुलिस ने ठगी और कूटरचित दस्तावेज बनाने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दस्तावेज लेखक महेन्द्र सिंह ठाकुर (50) निवासी टेलीफोन एक्सचेंज रोड, अग्रसेन चौक, को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना का पूरा मामला
आवेदक अरूण कुमार दुबे ने पुलिस को शिकायत दी कि वर्ष 1999 में उन्होंने ग्राम मोपका, खसरा नंबर 404 की 3000 वर्गफुट भूमि खरीदी थी। इस भूमि का नामांतरण विधिवत् कराया गया था और इसे बाद में श्रीमती सावित्री देवी राठौर को बेचा गया।
लेकिन, सुरेश कुमार मिश्रा और उसके साथियों ने विक्रय विलेख में खसरा नंबर में छेड़छाड़ कर तहसील कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने मूल प्रति में खसरा नंबर 404 और कार्बन प्रति में 429/2 दर्ज कर कूट रचना की, जिससे आवेदक के अधिकार पर अतिक्रमण हुआ और उसे भूमि से वंचित कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और सी.एस.पी. (सरकंडा) के मार्गदर्शन में थाना सरकंडा की टीम ने आरोपी महेन्द्र सिंह ठाकुर को सकुनत से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सुरेश कुमार मिश्रा के साथ मिलकर प्रार्थी के विक्रय विलेख में अलग-अलग खसरा नंबर दर्ज किए।
वर्तमान में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। सुरेश कुमार मिश्रा और अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।