
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने देहरादून में “राष्ट्रपति उद्यान” का किया शिलान्यास…..केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू भी हुए शामिल….
बिलासपुर–भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन परिसर में ‘राष्ट्रपति उद्यान’ की आधारशिला रखे जाने के ऐतिहासिक अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे “हरित भारत और जनभागीदारी का प्रेरणादायक प्रतीक” बताया।
यह आयोजन उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
श्री साहू ने कहा कि राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण न केवल सतत और समावेशी शहरी विकास का प्रतीक है, बल्कि यह प्रकृति, संस्कृति और जनसहभागिता का ऐसा संगम बनेगा, जो देहरादून को वैश्विक पहचान देगा। राष्ट्रपति निकेतन को आमजन के लिए सुलभ बनाना, जैव विविधता पार्क की परिकल्पना तथा नागरिक केंद्रित पहलों की शुरुआत दूरदर्शी नेतृत्व की मिसाल है।
जैव विविधता, ईको-टूरिज्म और संस्कृति को मिलेगा नया केंद्र
‘राष्ट्रपति उद्यान’ को एक विश्वस्तरीय जैव विविधता पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, जो शिक्षा, पर्यावरणीय पर्यटन और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देगा।
श्री साहू ने परिसर में स्थित संग्रहालयों और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करते हुए भारतीय विरासत को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
विकसित भारत के संकल्प में तेजी — गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता होगी प्राथमिकता
कार्यक्रम के उपरांत Forest Research Institute (FRI) परिसर में स्थित ऑफिसर्स रेस्ट हाउस में श्री साहू ने CPWD, HUDCO, NBCC, HSCL सहित अधीनस्थ विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता केवल अधोसंरचना का निर्माण नहीं, बल्कि उसमें उत्कृष्टता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना है। हर परियोजना विकसित भारत के लक्ष्य को गति दे — यही संकल्प है।”
एट होम’ कार्यक्रम में हुई गरिमामयी सहभागिता ,राष्ट्रपति को दीं जन्मदिवस की शुभकामनाएं
श्री साहू ने राष्ट्रपति जी द्वारा आयोजित ‘एट होम’ समारोह में सादर सहभागिता करते हुए महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं एवं सशक्त, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में उनके नेतृत्व के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।