
धर्म परिवर्तन बनाम संपत्ति विवाद… डायल 112 के वाहन चालक और भाईयों की दबंगई……पीड़ित परिवार पलायन की ओर…..एसएसपी कार्यालय पहुंच कर लगाई न्याय की गुहार…..कार्रवाई नहीं होने पर पूरा परिवार मांगेगा शासन से इच्छामृत्यु……
बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से धर्म परिवर्तन को लेकर विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा तिफरा में एक परिवार ने आरोप लगाया है कि धर्म परिवर्तन नहीं करने पर उन्हें लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है, जिसके चलते अब पूरे परिवार के सामने पलायन जैसी स्थिति बन गई है।
पीड़ित मोहित राम ने बताया कि उनके ही परिवार के कुछ लोगों ने करीब 15 वर्ष पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। इसके बाद से सामाजिक रीति-रिवाजों को लेकर परिवार और समाज ने उनसे दूरी बना ली। मोहित राम का आरोप है कि धर्मांतरित परिवार के सदस्य लगातार उन पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाते हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट और उत्पीड़न की घटनाएं होने लगीं। जिसके चलते वे भयभीय है और करीब एक दर्जन लोगों के सामने मूल निवास छोड़कर पलायन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। आरोप है कि सिरगिटी थाने के 112 डॉयल वाहन का आरक्षक सोनू खांडे के दबाव मे 2018 में की गई शिकायत के बाद भी उन्हें आज तक न्याय नहीं मिल पाया है ।पीड़ितो का दावा है कि वीडियो सहित मोबाइल रिकॉर्डिंग साक्ष्य के रूप में उनके पास मौजूद है ।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यह सिलसिला वर्ष 2018 से लगातार जारी है और इस संबंध में कई बार सिरगिट्टी थाने में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि दबंगई करते हुए आरोपी पक्ष घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट करता है तथा पथराव भी करता है।
परिवार के मुताबिक हाल ही में 4 मार्च 2026 को भी आरोपियों ने किराए के लोगों को बुलाकर उनके घर पर हमला कराया, जिसमें मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ की गई। इससे पहले 20 सितंबर 2019, 26 मई 2021 और 15 फरवरी 2026 को भी शिकायत दी जा चुकी है।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष का एक सदस्य पुलिस की डायल 112 गाड़ी में चालक होने के कारण उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। फिलहाल पूरा परिवार न्याय की उम्मीद में एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है।



