सकरी पुलिस का आकस्मिक चेकिंग अभियान…..दो चाकूधारी गिरफ्तार, 12 शराबियों पर कार्रवाई…..

बिलासपुर–शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से थाना सकरी पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने दो युवकों को अवैध रूप से धारदार चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जबकि 12 अन्य लोगों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने पर आबकारी अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन पर चलाए गए इस अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में की गई। अभियान के तहत थाना क्षेत्र के चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी ली गई।

चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों के पास से अवैध चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान लक्की पांडे (19), निवासी वार्ड क्रमांक 14, सकरी और साहिल खान (21), निवासी संतोषी नगर, रायपुर (वर्तमान में सकरी में निवासरत) के रूप में हुई है।

वहीं, चेकिंग अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते हुए 12 लोगों को पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। जिन व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई, उनके नाम इस प्रकार हैं:
राजकुमार वर्मा, रविशंकर साहू, सागर शुक्ला, समीर सरजाल, वैभव शुक्ला, वीरेंद्र ध्रुव, अशोक साहू, राम अवतार यादव, निखिल सूर्यवंशी, सुखदेव साहू, राजू साहू और प्रियांक अग्रवाल।

थाना प्रभारी सकरी ने बताया कि इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। पुलिस की यह तत्परता न केवल अपराधियों के लिए चेतावनी है, बल्कि आमजन में विश्वास भी बढ़ा रही है।

Related Articles

Back to top button