
खेत में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, इलाके में फैली सनसनी… एक की लाश मेढ़ पर… दूसरे की पेड़ से झूलता मिला….रहस्य गहराया, जांच में जुटी पुलिस…..
बिलासपुर– बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है।बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने खेत में पति-पत्नी की संदिग्ध हालत में लाशें देखीं। खेत की मेढ़ पर पत्नी का शव पड़ा था, जबकि उससे करीब दस कदम की दूरी पर पति पेड़ से फांसी के फंदे पर झूल रहा था। दोनों की मौत के बाद क्षेत्र में दहशत और सन्नाटा फैल गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अमित कुमार इंदुआ (29 वर्ष) और उसकी पत्नी अंजू इंदुआ रतनपुर वार्ड क्रमांक 1, जोगी अमराई के रहने वाले थे। सुबह ग्रामीणों की नजर खेत के पास इनकी लाश पर पड़ी तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस ने पाया कि अमित ने तार के सहारे फांसी लगा ली थी, जबकि पत्नी अंजू का शव चेहरे पर चोट के निशान के साथ खेत की मेढ़ पर पड़ा था। इससे आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे विवाद या झगड़े की वजह हो सकती है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
मृतक की माँ दुरपति बाई ने बताया कि सोमवार की रात अमित अपनी पत्नी और बच्चों के साथ महामाया मंदिर दर्शन के लिए गया था। देर रात वे घर लौटे और खाना खाकर सभी सो गए। इसके बाद कब अमित और अंजू घर से बाहर निकले, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सुबह खेत के पास दोनों की लाश मिलने की खबर से पूरा परिवार सदमे में है।
अमित और अंजू ने करीब 12 साल पहले लव मैरिज की थी। उनके दो मासूम बच्चे हैं – बड़ी बेटी 10 साल की और बेटा 7 साल का। माता-पिता की अचानक मौत से बच्चे गहरे सदमे में हैं। वे बार-बार पूछ रहे हैं कि मम्मी-पापा कहाँ चले गए, लेकिन दादी किसी तरह समझाने की कोशिश कर रही है और खुद भी गम में डूबी हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह आत्महत्या है, हत्या या दोनों के बीच किसी विवाद का परिणाम, इसका राज अब तक नहीं खुल सका है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।