छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ऐतिहासिक बैठक संपन्न….50 वर्षों बाद संगठन की मजबूती और एकता का दिखा सशक्त स्वरूप……

बिलासपुर -छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एक अहम और ऐतिहासिक बैठक का सफल आयोजन किया गया, जिसमें राज्यभर से व्यापारी वर्ग, विभिन्न व्यापार संघों के सदस्य एवं चेंबर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस बैठक को संगठन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, क्योंकि लगभग 50 वर्षों के बाद इस तरह की व्यापक, एकजुट और सशक्त बैठक देखने को मिली।

बैठक में व्यापारिक हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से शासन–प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, व्यापारिक समस्याओं के त्वरित समाधान और संगठन के विस्तार व मजबूती पर गहन मंथन हुआ।

चेंबर के प्रमुख पदाधिकारियों में कमल सोनी (प्रदेश पदाधिकारी) एवं नवदीप सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह बैठक केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि व्यापारियों की एकता, संगठनात्मक शक्ति और भविष्य की दिशा को दर्शाने वाला ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश से व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी यह साबित करती है कि चेंबर आज पहले से कहीं अधिक मजबूत स्थिति में है।

बैठक में जीएसटी से जुड़े मुद्दों को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। व्यापारियों ने जीएसटी की जटिलताओं, व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान को लेकर अपने विचार रखे। चेंबर ने आश्वासन दिया कि इन सभी विषयों को शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि आगामी BNI व्यापार मेला का आयोजन साइंस कॉलेज मैदान में किया जाएगा, जहां छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का भव्य सम्मान किया जाएगा। यह आयोजन व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने और नेटवर्किंग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, व्यापारियों के हितों की रक्षा करने तथा प्रदेश के आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के संकल्प के साथ किया गया।

Related Articles

Back to top button