आत्मानंद स्कूल में “यातायात की पाठशाला”…..बच्चों को दी गई सड़क सुरक्षा की सीख…..

बिलासपुर– सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में बिलासपुर यातायात पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया। स्वामी आत्मानंद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, चिंगराजपारा में “यातायात की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और नृत्य के माध्यम से यातायात नियमों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुति दी। इसी क्रम में सड़क सुरक्षा माह में विशेष योगदान देने वाले छात्रों को यातायात पुलिस द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह ने देशभक्ति और यातायात जागरूकता से जुड़े मधुर गीतों की प्रस्तुति दी, जो उपस्थित लोगों को भावविभोर कर गई। वहीं, एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी और उन्हें प्रेरित किया कि वे स्वयं भी इन नियमों का पालन करें और अपने परिजनों को भी इसके लिए जागरूक करें।

पूर्व उप निरीक्षक उमाशंकर पांडे ने छात्र-छात्राओं को यातायात संकेतकों और निर्देशांकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह सड़कों पर इन संकेतों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में “शियान चेतना कार्यक्रम” के तहत बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवाद का संदेश भी दिया गया। साथ ही, “चेतना पर्यावरण मित्र” और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

अंत में, सभी छात्र-छात्राओं को सार्वजनिक रूप से यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शाला विकास समिति के सदस्य, स्कूल स्टाफ, पूर्व व वर्तमान प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अभियान का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाना है, जो सुरक्षित एवं सतर्क यातायात व्यवस्था की रीढ़ बनें।

Related Articles

Back to top button