केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने असम में संभाली चुनावी कमान……. कोकराझार में NDA के पक्ष में बना मजबूत माहौल……

कोकराझार (असम)/ असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कोकराझार जिले में भाजपा एवं एनडीए गठबंधन के पक्ष में जोरदार चुनावी अभियान चलाया। उन्होंने जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क और चुनावी सभाओं के माध्यम से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल को मजबूती दी।
इस दौरान श्री साहू ने डोटमा विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक आयोजित सभाओं में भाग लिया। साथ ही कचुगांव क्षेत्र में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए एनडीए प्रत्याशी रविराम नरजरी के पक्ष में समर्थन जुटाया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा, उन्होंने बाओखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ग्राम स्तरीय सभा में भाग लेकर एनडीए प्रत्याशी रूपम राय के समर्थन में जनसंपर्क किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और आम जनता का उत्साह और सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
जनसभाओं में उमड़ी भीड़ को देखते हुए श्री साहू ने कहा कि जनता सशक्त गठबंधन सरकार, तेज़ शहरी विकास और क्षेत्रीय प्रगति के संकल्प के साथ एनडीए के समर्थन में एकजुट हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और सुशासन के आधार पर आगामी चुनाव में एनडीए को प्रचंड जनादेश मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए सरकार शहरी विकास, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है, और जनता का मिल रहा समर्थन इस बात का संकेत है कि राज्य में फिर से भाजपा-एनडीए की सरकार बनने जा रही है।



