कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन….सिविल लाइन थाने का घेराव…..पूर्व जिलाध्यक्षों के खिलाफ एफआईआर का विरोध……

बिलासपुर–पूर्व जिलाध्यक्षों विजय केशरवानी और विजय पांडेय के खिलाफ एफआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सिविल लाइन थाना घेराव कर जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस भवन से रैली निकालकर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सिविल लाइन थाना पहुंचे और दो घंटे तक सड़क पर धरना देकर सरकार की नीतियों और एफआईआर के खिलाफ विरोध जताया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि किसानों, बिजली बिल में बढ़ोतरी, रजिस्ट्री फीस में बढ़ोतरी और गरीबों के मकानों में बुलडोजर चलाने जैसे जनहित के मुद्दों पर आंदोलन को दबाने के लिए भाजपा सरकार ने एफआईआर करवाई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने की यह कोशिश सरकार की डर और जनता का ध्यान भटकाने की राजनीति का हिस्सा है।

सिविल लाइन थाना परिसर और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेसजनों ने सड़क पर बैठकर दो घंटे तक धरना दिया और नारेबाजी की। दो एंबुलेंस को मार्ग देने के लिए उन्होंने अस्थायी रूप से सड़क खाली की।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्षों विजय केशरवानी और विजय पांडेय ने पुलिस की पहल पर गिरफ्तारी दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करना जनता का अधिकार है और इसे दबाने की कोशिश अस्वीकार्य है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समर्थन मूल्य पर किसानों को लाभ नहीं दे रही और खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था है, जिससे किसान परेशान हैं। कांग्रेस नेता विजय केशरवानी और विजय पांडेय ने कहा कि जनहित के लिए आंदोलन और जेल जाना उनका कर्तव्य है और वे डरने वालों में से नहीं हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में शहर और जिले के दर्जनों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल थे, जिन्होंने एफआईआर के विरोध में सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर नाराजगी जताई।

विरोध रैली की अगुवाई शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व महापौर रामशरण यादव और अन्य नेताओं ने की। रैली में तखतपुर, सकरी, बिल्हा, तिफरा, सिरगिट्टी, बेलतरा, सीपत, मस्तूरी, मल्हार, रतनपुर और कोटा सहित आसपास के इलाकों से हजारों कांग्रेसजन और महिलाएं शामिल हुईं।

Related Articles

Back to top button