20 लाख की लूट और हत्या की साजिश नाकाम….मिर्च पाउडर से हमला कर खाई में फेंका, सुपरवाइजर बचा, चार गिरफ्तार….

जांजगीर-चांपा–छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कैश कलेक्शन से लौट रहे एक कंपनी सुपरवाइजर के साथ लूट और हत्या की साजिश रचने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बदमाशों ने करीब 20 लाख रुपये लूटने के बाद पीड़ित को मैनपाट ले जाकर गहरी खाई में धकेल दिया, लेकिन किस्मत ने साथ दिया और उसकी जान बच गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

पीड़ित हरीश देवांगन, मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज चांपा में सुपरवाइजर हैं। 9 जनवरी 2026 को वे सक्ती से पेट्रोल पंप और हार्डवेयर दुकान से 20 लाख 18 हजार 700 रुपये नकद कलेक्ट कर मोटरसाइकिल से चांपा लौट रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम कोसमंदा के पास काली कार सवार बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। आंखें साफ करने के दौरान आरोपियों ने नकदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की और विरोध पर जबरन कार में बैठा लिया।

रात करीब 9 बजे आरोपियों ने हरीश को मैनपाट के सेल्फी प्वाइंट पर ले जाकर हत्या की नीयत से गहरी खाई में धक्का दे दिया। हरीश झाड़ियों में फंस गए और पूरी रात वहीं लटके रहे। सुबह किसी तरह सड़क तक पहुंचकर उन्होंने कंपनी और पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काली कार की पहचान की, जो चांपा निवासी अमीर मिरी के नाम पर पंजीकृत मिली। पूछताछ में अमीर मिरी ने योगेश रात्रे, जमुना सेवायक और महेश्वर दिवाकर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 13 लाख 75 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त कार, चाकू, बेसबॉल स्टिक और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे गिरोह पर शिकंजा कस दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button