तीन बच्चों के साथ रहस्यमय ढंग से गायब महिला का आया सीसीटीवी फुटेज……पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी……

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ में एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है, जिससे परिजन और इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला पांडातराई थाना क्षेत्र का है। महिला 2 फरवरी को दोपहर में बच्चों को लेकर मायके बिलासपुर जाने के लिए निकली थी, लेकिन वहां पहुंचने के बाद से उसका और बच्चों का कोई पता नहीं चला।

हाल ही में महिला और बच्चों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा गया कि महिला बिलासपुर के मंगला चौक के पास अपने बच्चों के साथ जा रही थी। फुटेज के आधार पर पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे कोई संदिग्ध हाथ तो नहीं है। पुलिस मामले की जांच पुराने प्रेम संबंध के एंगल से भी कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि महिला के किसी पुराने संबंध का मामला भी इस घटना से जुड़ा हो सकता है।
परिजनों ने तुरंत सिविल लाइन थाना में महिला और बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने बताया कि उन्होंने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

एएसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि, पुलिस इस मामले में हर संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की जा रही है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। हमारी टीम महिला और बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढने के प्रयास में लगी हुई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को महिला और बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचित करें। यह मामला पूरे बिलासपुर और पांडातराई क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और अब तक महिला और बच्चों के लापता होने का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है।

Related Articles

Back to top button