
बिलासपुर में गूंजेगा स्वराज का स्वर, ‘जाणता राजा’ का भव्य मंचन….छत्रपति शिवाजी महाराज की गाथा से जुड़ेगा जन-जन…..इतिहास नहीं, चेतना है ‘जाणता राजा’…..बिलासपुर में तीन दिवसीय ऐतिहासिक महाआयोजन……स्वराज, शौर्य और जनभावना का संगम….जन-जन तक शिवाजी महाराज के विचार पहुंचाएगा ‘जाणता राजा’…..परिवार और समाज के साथ देखें शिवाजी महाराज की जीवंत गाथा…..
बिलासपुर–छत्रपति शिवाजी महाराज केवल इतिहास नहीं, बल्कि हर भारतवासी के आत्मगौरव, स्वाभिमान और साहस की पहचान हैं। स्वराज के संस्थापक शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और जनकल्याण की भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाला विश्व-प्रसिद्ध ऐतिहासिक महानाट्य “जाणता राजा” अब बिलासपुर की धरती पर मंचित होने जा रहा है।
यह भव्य आयोजन पुलिस ग्राउंड, बिलासपुर में 13, 14 एवं 15 फ़रवरी 2026 को सायं 6:00 बजे से छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
“जाणता राजा” केवल एक नाटक नहीं, बल्कि माँ-माटी-मानुष, न्याय, साहस और स्वराज की चेतना से जुड़ा हुआ जनानुभव है। यह ऐसा मंचन है, जो बच्चों में संस्कार, युवाओं में दिशा और समाज में एकता का भाव जागृत करता है।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग ग्रामीण-शहरी नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठजनों, श्रमिकों, किसानों, व्यापारियों से सपरिवार इस ऐतिहासिक प्रस्तुति को देखने और साझा करने का आह्वान किया गया है।
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि – “छत्रपति शिवाजी महाराज हर उस व्यक्ति की प्रेरणा हैं, जो न्याय, स्वाभिमान और जनकल्याण में विश्वास रखता है। ‘जाणता राजा’ उनके विचारों को केवल दिखाता नहीं, उन्हें महसूस कराता है। मैं बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ की जनता से निवेदन करता हूँ कि वे अपने परिवार, अपने समाज के साथ इस आयोजन में आएँ। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और आत्मसम्मान का उत्सव है।


