
संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में सुनी जनता की फरियाद….
बिलासपुर- कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शहरवासियों की समस्याएं सुनीं। एक-एक कर आवेदकों से मुलाकात कर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

छात्र ने की राजस्व रिकॉर्ड सुधार की मांग….
बोदरी तहसील के ग्राम बोडसरा के छात्र दीपेश कुमार ने पुराने मिसल रिकॉर्ड में नाम की त्रुटि सुधारने की मांग की। रिकॉर्ड में गलती के कारण जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कलेक्टर ने मामला एसडीओ बिल्हा को सौंपा।

तालाब के रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत…..
कोटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत तेंदुवा के ग्रामीणों ने शासकीय तालाब के निस्तारी रास्ते पर अवैध निर्माण हटाने ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर ने एसडीएम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसान सम्मान निधि और अवैध कब्जे के मामले….
नहरपारा लिटिया के कैलाश प्रसाद साहू ने किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने गुहार लगाई। वहीं सकरी तहसील के ग्राम कोपरा में प्रस्तावित तालाब की जमीन (खसरा नंबर 81, 82) पर कब्जे की शिकायत पर एसडीओ तखतपुर को जांच के निर्देश दिए गए।
वार्ड 36 में मूलभूत सुविधाओं की मांग…..
बसंत भाई पटेल नगर (वार्ड 36) के निवासियों ने सीसी रोड, नाली, बिजली पोल और पानी पाइपलाइन की मांग की। कच्ची सड़क और जलभराव से हो रही परेशानी पर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में राजस्व नाम सुधार, जाति प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता, बैंक बकाया, आवास ऋण और जब्त सामान वापसी से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी मामलों में शीघ्र एवं नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए हैं।



