
पुलिस कस्टडी में युवक ने खुद पर चलाया ब्लेड……पुलिस कस्टडी में सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल……
बिलासपुर– सिविल लाइन थाना पुलिस कस्टडी के दौरान युवक द्वारा खुद पर ब्लेड से हमला किए जाने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिनी बस्ती निवासी रामा कुर्रे को पुलिस ने डल्ला शेर नाच के दौरान सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर घूमने के आरोप में गिरफ्तार कर थाने लाया था। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर खुद पर ब्लेड से हमला कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था, तब उसकी तलाशी कितनी गंभीरता और सतर्कता से ली गई थी? यदि तलाशी पूरी तरह से हुई थी, तो फिर उसके पास ब्लेड कैसे पहुंची?
सिविल लाइन थाने के सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया है कि, आरोपी से मिलने एक महिला थाने पहुंची थी.. ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि, क्या युवक को आत्मघाती कदम उठाने के लिए किसी ने उकसाया था? क्या आरोपी तक ब्लेड उसी महिला के माध्यम से पहुंची? यदि ऐसा नहीं है तो फिर ब्लेड आरोपी के पास कैसे पहुंची?
इसके साथ ही यह भी एक महत्वपूर्ण प्रश्न है कि जब महिला आरोपी से मिलने थाने पहुंची थी, तब पुलिस की निगरानी व्यवस्था कैसी थी? मुलाकात के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं? यदि किया गया था तो फिर ऐसी घटना कैसे हो गई? हालांकि इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन पुलिस कस्टडी के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर गंभीर प्रश्नचिह्न जरूर लगा दिए हैं। अब देखना होगा कि विभागीय जांच में इन सवालों के क्या जवाब निकलकर सामने आते हैं।



