
चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई…..10.55 लाख रुपये का 21.1 किलो गांजा जब्त….
जांजगीर/चांपा–जिले की चांपा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.1 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हनुमान चौक, देवांगन पारा में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वीरेन्द्र देवांगन (28) को पहले गांजा बेचते हुए पकड़ा। इसके बाद घर की तलाशी में चार पैकेट और दो बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में चांपा पुलिस टीम ने की।



