
सिरगिट्टी में देर रात खूनी संघर्ष….ऑटो किराया और घूरने को लेकर चाकूबाजी में तीन घायल….पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर– सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के चुचुहियापारा रेलवे अंडरब्रिज के पास रविवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट और चाकूबाजी की घटना हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर किया गया। फिलहाल तीनों का उपचार जारी है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं सिरगिट्टी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घायल आकिब के पिता के अनुसार जो मूलतः फूलपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और पेशे से ओटी (OT) टेक्नीशियन है, अपनी पत्नी को लेने बिलासपुर स्थित ससुराल आया हुआ था। रविवार देर रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वह अपने रिश्तेदार अयान (20 वर्ष) के साथ घर के बाहर बिजली गुल होने के कारण बैठा था। इसी दौरान समीर खान ऑटो लेकर वहां से निकला और कुछ दूरी पर वाहन रोककर दोनों को घूरने लगा। आरोप है कि जब आकिब और अयान ने उससे इसका कारण पूछा तो वह गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने अयान के गले से चेन छीन ली और विरोध करने पर चाकू निकालकर आकिब और अयान पर जानलेवा हमला कर दिया।वही घायलों के परिजनों का कहना है कि घटना की जानकारी अयान ने फोन कर परिवार को दी, जिसके बाद सभी तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी दोनो घायलों को सिरगिट्टी थाने ले गए। वहां से उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण दोनों को सिम्स रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं दूसरे पक्ष के घायल समीर खान, जो ऑटो चालक है।इनके परिजनों ने पूरी घटना का अलग पक्ष सामने रखा है। उनका कहना है कि समीर का रास्ते में किराए की बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि कुछ देर बाद 6 से 8 लोग उनके घर पहुंच गए और चाकू, रॉड तथा बोल्डर से हमला कर दिया। परिजनों का दावा है कि घर के अन्य सदस्यों के साथ भी जमकर मारपीट की गई, जिसमें समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका भी सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा। सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।




