तखतपुर में बिलासपुर ब्लड सेंटर का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिलेगी 24 घंटे रक्त सेवा….

तखतपुर–तखतपुर क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोगों को बड़ी सौगात मिली है। तखतपुर में बिलासपुर ब्लड सेंटर का शुभारंभ आज तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह द्वारा किया गया।

क्षेत्र में लंबे समय से ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए तखतपुर में बिलासपुर ब्लड सेंटर की शुरुआत की गई है।

इस ब्लड सेंटर के माध्यम से क्षेत्रवासियों को 24 घंटे रक्त सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सेंटर में अत्याधुनिक मशीनों एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के साथ कुशल एवं प्रशिक्षित तकनीशियनों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

बिलासपुर ब्लड सेंटर के डायरेक्टर श्री केशव बंसल ने कहा कि, “हमारा प्रयास है कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य से तखतपुर में इस सेंटर की शुरुआत की गई है, ताकि तखतपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवश्यकता के समय आसानी से रक्त उपलब्ध हो सके।”

ब्लड सेंटर के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों के साथ-साथ बिलासपुर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं एनजीओ का भी समर्थन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। उपस्थित लोगों ने तखतपुर में रक्त सेवा की शुरुआत को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल बताया।

बिलासपुर ब्लड सेंटर के प्रारंभ होने से तखतपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों, गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलने की उम्मीद है।

जनसेवा के उद्देश्य से शुरू किया गया यह ब्लड सेंटर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button