सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करें–निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे……बैठक में अनुपस्थित तीन इंजीनियरों को कारण बताओं नोटिस…निगम कमिश्नर ने इंजीनियरों की बैठक लेकर विभिन्न मदों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की….. बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे करने के निर्देश…..

बिलासपुर–नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने गुरुवार को नगर निगम के सभी इंजीनियरों की बैठक लेकर निगम क्षेत्र में विभिन्न मदों के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पंद्रहवें वित्त आयोग मद, अधोसंरचना मद,एवं अमृत मिशन 2.0 तथा सांसद एवं विधायक मद सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में बिना किसी सूचना या अनुमति के उपस्थित रहने वाले तीन इंजीनियरों को निगम कमिश्नर ने नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने कहा की अनुशासनहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन इंजीनियरों को नोटिस जारी किया गया है उनमें असिस्टेंट इंजीनियर शशि वारे, सब इंजीनियर किरन तिर्की,सब इंजीनियर धनेश्वरी गुलेरी शामिल है।

निगम कमिश्नर ने प्रत्येक निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेते हुए इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करते हुए प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करें।

बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण की बनेगी कार्ययोजना….

बैठक में बारिश के दौरान शहर की सड़कों की स्थिति को लेकर भी निगम कमिश्नर ने गंभीरता से समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित इंजीनियर्स को निर्देशित किया कि निगम क्षेत्र की सड़कों का व्यापक सर्वे कराया जाए और ऐसी सभी सड़कों को चिन्हांकित किया जाए, जहां बारिश के कारण सड़कें जर्जर हो गई हैं, गड्ढे हो गए हैं अथवा सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हुई है।उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान सड़कवार स्थिति का आकलन कर सूची तैयार की जाए, ताकि बारिश समाप्त होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर उस पर तेजी से काम शुरू किया जा सके।

कमिश्नर श्री सर्वे ने कहा कि शहर की सड़कों की गुणवत्ता और नागरिकों की सुविधा निगम की प्राथमिकता है। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति के अनुसार मरम्मत एवं निर्माण की ठोस योजना तैयार की जाए। साथ ही नए निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता और टिकाऊपन का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में निगम के समस्त संबंधित इंजीनियर्स एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button