
स्वच्छता ही सेवा…… निगम कार्यालयों में चला सफाई का महा अभियान…..दीवारों से हटे जाले….फाइलों का किया गया संधारण.. विकास भवन,स्मार्ट सिटी समेत सभी जोन कार्यालयों में कर्मचारियों ने की सफाई……
बिलासपुर- ‘स्वच्छता की शुरूआत घर से’की थीम के साथ नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वच्छता दिवस के एक दिन पूर्व आज कार्यालय के सभी शाखाओं और भवनों की सफाई की। विदित है कि 17 सितंबर से स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प अभियान चल रहा है,इसी तारतम्य में निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने सभी विभाग प्रमुखों,कर्मचारियों और जोन कमिश्नर को अपने अपने कार्यालयों की साफ-सफाई करने के निर्देश दिए थे। सफाई अभियान के दौरान भवन की सफाई के साथ-साथ,बरसों से पड़े फाइलों की सफाई और व्यवस्थित संधारण करने के भी निर्देश दिए थे। जिसके बाद आज निगम कर्मचारियों और विभाग प्रमुखों ने सुबह 7 बजे से ऑफिस पहुंचकर सफाई अभियान चलाया।
सफाई अभियान के तहत दीवार,फर्नीचर,पंखे,कूलर,फ्लोर आलमारी समेत सभी फाइलों की सफाई कर उसे व्यवस्थित संधारित किया गया। इस दौरान कार्यालयों के कमरों, गलियारों, सीढ़ियों, खिड़कियों एवं दीवारों की विशेष सफाई की गई। लंबे समय से जमे धूल-मिट्टी और दीवारों पर लगे जालों को हटाया गया। कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की भी साफ-सफाई कर अनावश्यक एवं अनुपयोगी सामग्री को व्यवस्थित किया गया।
सफाई अभियान विकास भवन के सभी शाखा,जोन कार्यालयों और स्मार्ट सिटी में चलाया गया। नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता को केवल सार्वजनिक स्थानों तक सीमित न रखते हुए कार्यालयों और कार्यस्थलों में भी स्वच्छता एवं सुव्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण तैयार करने के साथ नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित करना है।



