खाना बनाने को लेकर कहासुनी के बाद लॉ स्टूडेंट की मौत कीटनाशक सेवन के बाद बिगड़ी थी हालत…..सिम्स में उपचार के दौरान तोड़ा दम…..

बिलासपुर-जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भटचौरा में खाना बनाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद 21 वर्षीय लॉ स्टूडेंट की मौत हो गई। छात्रा ने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे पहले मस्तूरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। सिम्स में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम भटचौरा निवासी पेशे से किसान विशंभर पुरैना कि 21 वर्षीय बेटी सोनिया पुरैना बलौदाबाजार जिले के एक लॉ कॉलेज में अध्ययनरत थी। रविवार सुबह सोनिया घर पर ही थी। इसी दौरान उसकी बड़ी बहन ने उसे खाना बनाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों बहनों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद सोनिया नाराज हो गई और उसने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल मस्तूरी स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
परिजन सोनिया को लेकर सिम्स पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में खाना बनाने को लेकर बहनों के बीच हुई कहासुनी के बाद छात्रा द्वारा कीटनाशक का सेवन किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




