पुलिस ने किया चोरी का खुलासा…..तीन आरोपी गिरफ्तार…..6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगद बरामद……घटना में प्रयुक्त वाहन किया जब्त…..

बिलासपुर- चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए सकरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी।घटना को अंजाम देने वाले आरोपी चोर और चोरी का माल बरामद कर हिरासत में ले लिया गया।सकरी थाना क्षेत्र की सागरदीप कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 6 लाख रुपये का माल बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सागरदीप कॉलोनी निवासी वृंदावती मिश्रा कुछ समय के लिए अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं। इसी दौरान उनके घर के एक कमरे में रखी अलमारी और लॉकर का ताला टूटा मिला। सूचना मिलने के बाद उन्होंने घर पहुंचकर सामान की जांच की, तो अलमारी से सोने का हार, झुमका, माथा टीका, लेडीज अंगूठियां, जेंट्स अंगूठी, चांदी की पायल, पायजेब, बिछिया और करीब 12 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6.15 लाख रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 919/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आशीष मिश्रा, सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को गुमराह करने के बाद कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर आरोपियों द्वारा चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया गया।पुलिस ने सोने का हार, अंगूठी, झुमका और नकदी समेत करीब 6 लाख रुपये का माल बरामद किया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AZ 5100 भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना (27), निवासी खोली थाना सिविल लाइन, आशीष मिश्रा (31), निवासी सागरदीप कॉलोनी उसलापुर तथा अनुराग चौधरी उर्फ लालू (23), निवासी उसलापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




