शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी – निगम कमिश्नर…..निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर स्वच्छता कार्यों की समीक्षा…. शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन,समयबद्ध सफाई और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश…..

बिलासपुर- नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने बुधवार को नगर निगम के सभी जोन के सेनेटरी इंस्पेक्टर, वार्ड सुपरवाइजरों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों -कर्मचारियों की बैठक लेकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी गंदगी, कचरे का जमाव या साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की कमी नजर नहीं आनी चाहिए। शहर की सभी सड़कें, सार्वजनिक स्थल, चौक-चौराहे, मोहल्ले और गलियां स्वच्छ एवं व्यवस्थित दिखाई देने चाहिए। स्वच्छता कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के प्रति सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगम कमिश्नर ने नालियों की नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नालियों से निकलने वाली गाद और अपशिष्ट को तत्काल हटाया जाए। सफाई के बाद निकले कचरे का समय पर उठाव हो, ताकि वह दोबारा गंदगी का कारण न बने। उन्होंने सफाई ठेका एजेंसी लायन सर्विसेज को निर्देशित किया कि मुख्य सड़कों से लेकर मोहल्लों और गलियों तक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सफाई कराई जाए। साथ ही सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाए।
बैठक में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को लेकर भी निगम कमिश्नर ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक घर से शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग के साथ व्यापक आईईसी (जनजागरूकता) गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से अपार्टमेंट और कॉलोनियों में कचरा संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ऐसे कई स्थानों से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जहां रहवासियों द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन को कचरा नहीं दिया जा रहा है। इस पर उन्होंने जागरूकता अभियान चलाकर रहवासियों से निर्धारित वाहन में ही कचरा देने की अपील करने को कहा। इसके बावजूद सहयोग नहीं करने वाले अपार्टमेंट एवं कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
निगम कमिश्नर ने सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) फेंकने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री और मलबे का अनाधिकृत रूप से सड़कों पर पड़ा रहना शहर की स्वच्छता और सुंदरता को प्रभावित करता है। ऐसे मामलों में नियमित निगरानी कर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
बैठक में केंद्र सरकार की नई स्वच्छता प्रतिस्पर्धात्मक पहल ‘प्रगति 50’ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निगम कमिश्नर ने अधिकारियों को इसकी तैयारियों में अभी से जुटने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना से संबंधित तैयारियों और कार्यों की समीक्षा प्रत्येक 15 दिन में की जाएगी, ताकि प्रगति का नियमित आकलन हो सके और कमियों को तत्काल दूर किया जा सके।
निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में बिलासपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अब हमारा लक्ष्य इस उपलब्धि को और बेहतर करते हुए बिलासपुर को देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाना है। इसके लिए जरूरी है कि स्वच्छता व्यवस्था में जहां भी कमियां हैं, उन्हें तत्काल चिन्हांकित कर दूर किया जाए। उन्होंने सभी जोन के अधिकारियों, सैनिटरी इंस्पेक्टरों, वार्ड सुपरवाइजरों एवं सफाई एजेंसियों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को दिन-प्रतिदिन बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थिति पर भी सख्त रुख….
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गैर-जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और बैठकों एवं सौंपे गए कार्यों में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।




