
बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट….. पिता के सर को बनाया फावड़े से मारकर कीमा…..
बिलासपुर– तिफरा क्षेत्र की घनी आबादी वाली मन्नडोल बस्ती में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।घरेलू विवाद के चलते एक पुत्र ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। आरोपी की पहचान नीतू ध्रुव (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि मृतक उसके पिता मनरखान ध्रुव बताए जा रहे हैं।
पैसों को लेकर हुआ विवाद….
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीतू ध्रुव अपने पिता से पैसों की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है और नशे की लत का आदी था। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक उसकी पत्नी भी नशे की आदत से परेशान होकर उसे छोड़कर चली गई थी। आरोपी को मिर्गी की बीमारी से ग्रसित बताया जा रहा है और वह अक्सर पैसों को लेकर घर में विवाद करता था।
रविवार रात भी पिता-पुत्र के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। जब मनरखान ध्रुव ने पैसे देने से इनकार किया, तो गुस्से में आकर नीतू ने घर में रखे फावड़े से हमला कर दिया। हमले में मनरखान ध्रुव को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोहल्ले में दहशत…..
घटना के बाद आरोपी हाथ में फावड़ा लेकर मोहल्ले में घूमता रहा और लोगों को धमकाता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने एक घर में घुसने की कोशिश भी की, लेकिन परिवार ने समय रहते दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, जिससे वे सुरक्षित बच गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई……
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और नशे की लत हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच जारी है।
क्षेत्र में शोक और आक्रोश…..
घटना के बाद पूरे मन्नडोल बस्ती क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ समय से असामान्य था और वह अक्सर झगड़ा करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना के अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



