युवक ने खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश…..पुलिस की तत्परता से बची जान….मोहल्लेवासियों की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी,,,,,

बिलासपुर-सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कतियापारा में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अभय पांडेय नामक व्यक्ति ने कथित रूप से खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया। मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस……
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बुरी तरह झुलसे अभय पांडेय को तुरंत छत्तीसगढ़ इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस(सिम्स अस्पताल) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद की आशंका…..
प्रारंभिक जांच और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभय पांडेय पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी करीब दो महीने पहले उसे छोड़कर अलग रहने लगी थी। पड़ोसियों के अनुसार वह अक्सर शराब के नशे में पत्नी से विवाद और मारपीट करता था, जिससे तंग आकर पत्नी ने घर छोड़ दिया।
सूत्रों का यह भी कहना है कि अभय का काम भी पिछले एक महीने से छूटा हुआ था, जिससे वह आर्थिक और मानसिक दबाव में था। घटना के समय भी वह कथित रूप से शराब के नशे में था।

मोहल्लेवासियों की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी…..
स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की तेजी से कार्रवाई के चलते समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अभय के होश में आने के बाद विस्तृत बयान लिया जाएगा।

महत्वपूर्ण जागरूकता संदेश…..
यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव या पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहा है, तो उसे अकेले संघर्ष करने की बजाय परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से मदद लेनी चाहिए। समय पर संवाद और सहयोग कई बड़ी घटनाओं को टाल सकता है।

फिलहाल अभय पांडेय का इलाज जारी है और सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button