
नर्मदा ड्रिंक्स पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, कोका-कोला प्लांट में हड़कंप….
बिलासपुर–शहर के औद्योगिक क्षेत्र सिरगिट्टी स्थित नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार सुबह आयकर विभाग (IT) की टीम ने अचानक दबिश दी। कार्रवाई की खबर मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कंपनी परिसर में सुबह से ही 6 सदस्यीय विशेष टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी हुई है।
देशव्यापी स्तर पर एक साथ छापेमारी…..
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि देशव्यापी स्तर पर समूह से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। कंपनी के मालिक प्रदीप अग्रवाल से जुड़े ठिकानों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली स्थित हेड ऑफिस के अलावा रायपुर डिपो, उदयपुर बेवरेज जबलपुर और सुपीरियर ड्रिंक्स नागपुर सहित अन्य प्रमुख केंद्रों पर भी आयकर विभाग की टीमें तैनात हैं।
वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच…..
बिलासपुर इकाई का संचालन नवनीत अग्रवाल द्वारा किया जाता है। विभागीय अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं और फैक्ट्री के वित्तीय लेन-देन, कर विवरणी और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि अन्य राज्यों में फैले व्यापारिक संबंधों और संभावित टैक्स अनियमितताओं को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। टीम द्वारा कंप्यूटर डेटा, खातों की फाइलें और बैंक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
देर रात तक चल सकती है कार्रवाई….
आयकर विभाग की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की संभावना है। अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आएगी।औद्योगिक क्षेत्र में इस बड़ी कार्रवाई को लेकर व्यापारी वर्ग में चर्चा तेज है और संभावित खुलासों को लेकर अटकलों का दौर जारी है।




