स्वच्छता,सर्वोच्च प्राथमिकता इसमें लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई-निगम कमिश्नर…..गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें……समय सीमा में सफाई और कचरा कलेक्शन नहीं हुई तो संबंधित सुपरवाइजर के वेतन में होगी कटौती…..सफाई एजेंसी को सफाई के साथ माॅनिटरिंग करने के निर्देश…..

बिलासपुर–नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शुक्रवार को नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सेनेटरी इंस्पेक्टरों और सुपरवाइजरों की बैठक लेकर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम कमिश्नर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में निर्धारित समय के अनुसार सफाई कार्य सुनिश्चित हो तथा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नियमित और व्यवस्थित रूप से किया जाए। यदि किसी क्षेत्र में समय पर सफाई नहीं होती है अथवा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करते हुए वेतन में कटौती की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सफाई और कचरा कलेक्शन ठेका कंपनी समय सीमा के भीतर अपना कार्य पूर्ण करें तथा कचरा फैलाने वालों की माॅनिटरिंग भी करें।

सुबह 7 बजे तक सफाई कर्मचारियों की अटेंडेंस अनिवार्य

बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति प्रत्येक स्थिति में सुबह 7 बजे तक दर्ज हो जाए, यह संबंधित सुपरवाइजर और अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा। सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अनुपस्थित अथवा कार्य में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के संबंध में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

व्यस्त बाजार और नॉनवेज मार्केट पर विशेष निगरानी…

निगम कमिश्नर ने शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों, प्रमुख मार्केट एवं विशेष रूप से नॉनवेज मार्केट क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इन क्षेत्रों में कचरा जमा न हो और नियमित रूप से कचरे का उठाव सुनिश्चित किया जाए। दुकानदारों और व्यापारियों को भी अपनी दुकानों का कचरा निर्धारित समय पर कलेक्शन वाहनों को देने के लिए समझाइश देने के निर्देश दिए गए।उन्होंने स्पष्ट किया कि समझाइश के बावजूद यदि कोई व्यापारी कचरा कलेक्शन वाहन को कचरा नहीं देता या सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकता है, तो ऐसे मामलों में जुर्माने सहित सख्त कार्रवाई की जाए।

खाली प्लॉट और कचरा फेंकने वाले स्थानों पर होगी कार्रवाई…..

कमिश्नर ने शहर में ऐसे खाली प्लॉट और चिन्हित स्थानों की निगरानी करने के निर्देश दिए जहां लगातार कचरा फेंका जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल कचरा उठाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करना भी जरूरी है। ऐसे स्थानों पर लगातार कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने तथा आवश्यकतानुसार अन्य वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें अधिकारी….

निगम कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों से प्राप्त सफाई संबंधी शिकायतों को लंबित न रखा जाए और संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण की नियमित समीक्षा भी करने के निर्देश दिए गए।

प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के निर्देश…..

शहर में प्रतिबंधित एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग के खिलाफ चल रही कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश भी निगम कमिश्नर ने दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाजारों एवं व्यापारिक क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाकर प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

नदी-घाट और पुल-पुलियों पर भी रहेगी नजर…..

कमिश्नर ने नदी, नदी के घाटों तथा पुल-पुलियों के आसपास कचरा फेंकने वालों पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी में कचरा डालना न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि पर्यावरण और जल स्रोतों के लिए भी गंभीर नुकसानदायक है। ऐसे लोगों को रोकने, समझाइश देने तथा नहीं मानने पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी करें, स्वच्छता में शहर के प्रत्येक नागरिक और व्यापारियों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। निगम लगातार सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहा है, ऐसे में नागरिक भी कचरा निर्धारित कलेक्शन वाहन को ही दें और सार्वजनिक स्थानों, खाली प्लॉट, नालियों, नदी-घाटों तथा अन्य स्थानों पर कचरा न फेंकें। में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सेनेटरी इंस्पेक्टर, सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button