
कांग्रेस का “वोट चोर, गद्दी छोड़” आंदोलन अब बिलासपुर में गरजेगा, 9 सितंबर को मुंगेली नाका मैदान में होगा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन……
बिलासपुर–कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी आंदोलन वोट चोर, गद्दी छोड़ अब बिलासपुर में अपनी ताक़त दिखाने जा रहा है। 9 सितंबर को मुंगेली नाका मैदान में आयोजित होने वाले इस विशाल प्रदर्शन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन की जिम्मेदारी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव ने अपने हाथों में ली है। उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तय की है।
कांग्रेस का दावा है कि इस आंदोलन में 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी इसे केंद्र सरकार की नीतियों और कथित तानाशाही रवैये के खिलाफ अब तक छत्तीसगढ़ में किया जाने वाला सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन बता रही है।
इस मंच से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, सह प्रभारी विजय जांगिड़, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव जैसे दिग्गज नेता कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाएंगे।
राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव का कहना है कि कांग्रेस जनता की आवाज उठाने और लोकतंत्र बचाने के लिए सड़कों पर उतर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे भारी संख्या में पहुंचकर इस आंदोलन को ऐतिहासिक बनाएं।