सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का विवाद….. खपरगंज में पथराव…. दो पक्षों की भिड़ंत के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा…..पुलिस कर्मी सहित दोनों पक्षों के लोगों आई चोटें…. कलेक्टर-एसएसपी देर रात तक कोतवाली में डटे रहे…..

बिलासपुर–सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार देर रात खपरगंज में दो पक्षों की भिड़ंत और पथराव तक पहुंच गया। विवाद को लेकर कुछ लोगों द्वारा इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई, हालांकि पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति और आपसी सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में देर रात दो पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज के बाद विवाद अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।

चंद मिनटों में पुलिस बल ने संभाला मोर्चा…..

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाने के साथ ही लगातार पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की। पुलिस की सक्रियता के चलते स्थिति को जल्द नियंत्रण में लाया गया। एहतियात के तौर पर खपरगंज और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रखा गया है।

कलेक्टर-एसएसपी ने संभाली कमान……

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने तक वरिष्ठ अधिकारी कोतवाली थाना में मौजूद रहे। प्रशासन की इस त्वरित सक्रियता से किसी बड़े विवाद को बढ़ने से रोकने में मदद मिली।

भाईचारा बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटेंगे’–कलेक्टर

कोतवाली थाना में मीडिया से बातचीत करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द से है। इसे खराब करने की किसी भी कोशिश से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की।

निजी दुश्मनी भुनाने शहर का माहौल खराब करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई–एसएसपी

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मारपीट और पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया था और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि पुरानी दुश्मनी या निजी विवाद को शहर के माहौल को खराब करने के लिए इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट से लेकर पथराव तक खंगाली जा रही पूरी कड़ी…..

पुलिस अब विवाद की पूरी कड़ी को खंगाल रही है। सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट, उसके बाद हुई प्रतिक्रिया, मारपीट की शुरुआत और पथराव तक घटनाक्रम कैसे पहुंचा—इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि विवाद के वास्तविक कारण और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

शहर में पुलिस की पैनी नजर……

घटना के बाद खपरगंज समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button