दीनदयाल कॉलोनी मंगला बना अपराधियों का गढ़…. फिर हुई बाइक चोरी ……पुलिस पर उठे सवाल….

बिलासपुर। शहर के मंगला क्षेत्र स्थित दीनदयाल कॉलोनी इन दिनों अपराधों का हॉटस्पॉट बनती जा रही है। कॉलोनी में लगातार हो रही घटनाओं ने रहवासियों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला एक बार फिर बाइक चोरी का सामने आया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के LIG मकान के सामने खड़ी CT 100 मोटरसाइकिल को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े पार कर दिया। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले भी कॉलोनी में बाइक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले की गुत्थी सुलझाने में नाकाम रही है।

लगातार बढ़ रहे अपराध…..
दीनदयाल कॉलोनी में केवल चोरी ही नहीं, बल्कि कई अन्य आपराधिक गतिविधियां भी लगातार सामने आ रही हैं। रहवासियों के मुताबिक क्षेत्र में खुलेआम नशाखोरी, नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार, छेड़खानी की घटनाएं, नाबालिग लड़की को बहला- फुसलाकर ले जाने का मामला, होली से पहले जप्ती से जुड़ा विवाद, जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं।
रहवासियों में डर का माहौल….
लगातार हो रही वारदातों के कारण कॉलोनी के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े भी अपराध हो रहे हैं, जिससे घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल….
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि करीब 6 महीने पहले हुई 2 बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। ऐसे में ताजा घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग….
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने, क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और अपराधियों पर लगाम लगाने की मांग की है।
अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।




