रायपुर में तेज रफ्तार का कहर: टेस्ट ड्राइव कार दुकान में घुसी, नाबालिग बच्ची गंभीर…..

रायपुर–छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। कैलाशपुरी रोड पर टेस्ट ड्राइव पर निकली एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान के भीतर मौजूद एक नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत नाजुक है और इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की गति काफी अधिक थी, जिससे चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दुकान मालिक शेख असलम ने बताया कि कार चालक विराट नई सिट्रोन कार (क्रमांक CG-04-TR-8866) को टेस्ट ड्राइव पर लेकर निकला था। तेज रफ्तार के चलते वाहन बेकाबू हो गया और बच्ची उसकी चपेट में आ गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। नागरिकों ने कैलाशपुरी रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाने, ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घायल बच्ची की हालत पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button