
रतनपुर बाईपास पर भीषण हादसा…. ट्रेलर की चपेट में आई सड़क सफाईकर्मी महिला……मौके पर हुई मौत…..
बिलासपुर- जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे बाईपास पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क की सफाई कर रही महिला कर्मी महिमा कोशले तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से घंटों तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी ओर की सड़क पर पलट गया। उसी समय सड़क की सफाई कर रही महिला कर्मचारी महिमा कोशले ट्रेलर की चपेट में आ गईं। भारी वाहन के नीचे दबने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में क्रेन की सहायता से पलटे हुए ट्रेलर को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे के मेंटेनेंस कार्य करवा रहे ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क पर सफाई कार्य के दौरान न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही बैरिकेडिंग या सुरक्षा संकेतकों की व्यवस्था की गई थी। यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सकता था और संभवतः यह हादसा टल सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे वे सीधे तेज रफ्तार वाहनों की जद में आ रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार की कथित लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों और सड़क मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच किए जाने की मांग उठ रही है।




