कोटा में खौफनाक वारदात! बाइक से बांधकर अज्ञात युवक को जलाया….. शिवतराई मार्ग पर शव मिलने से हड़कंप…

बिलासपुर– कोटा क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। शिवतराई मार्ग पर सरैया रिजॉर्ट के पास मुख्य सड़क से करीब 50-60 मीटर अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद हुआ है। हैरानी की बात यह है कि शव को जीआई तार से मोटरसाइकिल के साथ बांधकर जलाया गया है, जिससे सुनियोजित हत्या की आशंका गहरा गई है।
वन विभाग की सूचना पर कोटा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है। शाम होने के कारण जांच प्रभावित हुई है। जिसे पुलिस सुबह से फिर तेज करेगी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस बाइक के नंबर व चेसिस के जरिए मृतक और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



